पिता से झूठ बोल कर जेब खर्च लेने वाले लड़के, दोस्तों के साथ नई संगति में सिगरेट की कस लगाने वाले लड़के, क्लास में पीछे बैठ कर शोर करने वाले लड़के एक न एक दिन सफल हो जाते हैं।
लड़के जिनकी माँ से हो जाती हो अनबन पर फिर आकर मांगी हो माफी, लड़के जिनके कारण पिता की आंखों में आया होगा आंसू का कतरा मगर फिर गले से लगा लिया गया हो ..वे लड़के भी सफल हो जाते हैं
लड़के जो बहनों को टोकते हैं अक्सर,पर करते है खुद से भी ज्यादा प्यार रखते है उनका सबसे अधिक ख्याल;वो भी सफल हो जाते है
लड़के जिन्होंने रुलाया होगा प्रेमिका को हर बार लेकिन उठाया नहीं होगा हाथ, लड़के जिनके दोस्तों से होती होंगी रोज लड़ाइयां; वे भी सफल हो जाते हैं
लड़के जो करते हैं नारीवाद का विरोध मगर थामे रहते हैं मुश्किलों में औरतों का हाथ;वो भी सफल हो जाते हैं
लड़के जो नहीं जाते किसी मंदिर या मजार पर बांधते है माँ का दिया धागा;वो भी सफल हो जाते हैं
लड़के जो मन का ना होने पर करते हैं अपनो का विरोध पर टूटने नहीं देते उनसे अपने रिश्ते की डोर; वो भी सफल हो जाते है
मगर वे लड़के जो दिल देकर मुकर जाते हैं, लड़के जिन्हें कीमत नही होती अपनों की,लड़के जो परिवारों में डालते हैं फुट; कभी सफल नही हो पाते
लड़के जिनकी नज़रें रहती हैं महिलाओं के छातियों पर, लड़के जिन्हें अपनी जरूरत सबसे प्यारी होती है; वे कभी सफल नही
हो पाते
वे लड़के भी सफल नही होते जो पिता को भरी दोपहरी खेत में अकेला काम करता छोड़ आये हों, लड़के जो नए शहर में जाकर भूल जाते हैं माँ की दी गयी सीख; वे कभी सफल नही हो पाते
लड़के जिनकी आंखों में बूढ़े इंसान के लिए कोई करुणा न हो , लड़के जो चाहते हैं कि बात सिर्फ उनकी सुनी जाए; वे भी सफल नही हो पाते
वो लड़के भी सफल नही हो पाते जो ठुकराते हैं अन्न का थाल और
उछालते अपनी ब्यहता का बाजार में मान
लड़के जो नहीं बढ़ाते कभी मदद का हाथ उन्हें रहता है खुद पर ही गुमान
लड़के जो नहीं कर पाते किसी का भी सम्मान वो लड़के सफल नहीं हो पाते
लड़के जो उठाते है किसी मजलूम का फायदा, लेते है उसकी बद्दुआ
जिनके चेहरे पर आती है किसी को मार कर मुस्कान
मानिये बात
जिंदगी के एक तकाज़े पर वो भी असफल हो जाते हैं।
No comments:
Post a Comment